बहजोई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अफसरों संग बैठक आयोजित की। मंगलवार को दोपहर आयोजित बैठक में डीएम ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का ग्रामीण क्षेत्र में प्रचार-प्रसार करते हुए पात्र किसानों को लाभ दिया जाए। वहीं बीमा कंपनियों को ग्रामीणों के लिए जागरूक करने की बात कही। इसके अलावा एलडीएम से कहा कि किसी भी बैंक की ओर से किसानों को परेशान करने की शिकायत सामने न आने पाए।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत शत प्रतिशत किसानों का बीमा व योजना का लाभ दिया जाए। डीएम ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को भी अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाए जाने के निर्देश दिए। उप निदेशक कृषि हीरा सिंह जीना से कहा कि किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों के खाते में धनराशि शीघ्र ही हस्तांतरित की जाए। वहीं आधार कार्ड नाम मिस मैच व खाता संख्या मिस मैच को लेकर डीएम ने सख्ती की।
डीएम ने सभी उप जिलाधिकारियों व तहसीलदारों को निर्देशित करते हुए कहा कि तहसील स्तर पर कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित न रहने पाए। कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र लाभार्थी का सत्यापन किया जाए। मुख्य विकास अधिकारी उमेश कुमार त्यागी व अपर जिलाधिकारी कमलेश कुमार अवस्थी समेत सभी उप जिलाधिकारी व तहसीलदार तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।