बहजोई। कलक्ट्रेट सभागार में बैठक कर डीएम ने
13 सितंबर को राष्ट्रपति की ओर से दोपहर 12 बजे आयुष्मान भवः अभियान की शुरूआत को अधिकारियों के साथ बैठक की।मंगलवार को हुई बैठक में सीएमओ डॉ. तरन्नुम रजा ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में आयुष्मान आपके द्वार 3.0, आयुष्मान मेला, आयुष्मान सभा व आयुष्मान ग्राम पंचायत आयुष्मान अर्बन वार्ड शामिल है। इस बीच स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर व अंगदान का संकल्प का कार्यक्रम भी होगा। उन्होंने बताया कि आयुष्मान आपके द्वार 3.0 के तहत आयुष्मान कार्ड का वितरण व कार्ड बनवाने का कार्यक्रम होगा। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि कार्यक्रम को लेकर सभी सरकारी अस्पतालों में साफ-सफाई रहे। आयुष्मान सभा व मेला को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। डीएम के मुताबिक 15 सितंबर सुबह साढ़े ग्यारह बजे करीब प्रेस वार्ता भी होगी। एडीएम प्रदीप वर्मा, पीडी ज्ञान सिंह, एसीएमओ डॉ. पंकज कुमार विश्नोई व कुलदीप आदिम, डीआईओ बृजेश कुमार, डीपीआरओ उपेंद्र कुमार पांडेय, डीआईओएस वेदराम, बीएसए चंद्रशेखर व सीएचसी प्रभारी व बीडीओ रहे।