चंदौसी। शनिवार को तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी केके विश्नोई ने लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। समाधान दिवस में 117 फरियादी अपनी समस्याओं का समाधान कराने के लिए पहुंचे। इनमें सिर्फ 12 शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण हो सका। शेष बची शिकायतों को जल्द से जल्द समाधान करने के अधिकारियों ने निर्देश दिए।
तहसील परिसर में शनिवार को राजस्व विभाग की 35, पुलिस की 22, चकबंदी की 10, विकास की 15, रसद विभाग की तीन, समाज कल्याण की पांच और शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधित एक- एक शिकयत रही। इसके अलावा 25 अन्य शिकायतें आईं। डीएम व एसपी ने सभी शिकायतों को सुना। इस दौरान राजस्व विभाग की दस, पुलिस की एक और एक अन्य शिकायत का ही समाधान हो सका। शेष शिकायतों के निस्तारण को लेकर दोनों अधिकारियों ने पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें को मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि शिकायत का निस्तारण शीघ्र एवं निचले स्तर पर कर किया जाए। इस अवसर पर सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक, परियोजना निदेशक डीआरडीए ज्ञान सिंह, एसडीएम आशुतोष तिवारी, सीओ अनुज चौधरी,तहसीलदार रवि सोनकर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।