संभल। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव किसौली में राज्य कर विभाग का जिला कार्यालय बनना है। प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है और अब बजट आवंटित होने का इंतेजार है। इस कार्यालय के नजदीक ही अधिकारी व कर्मचारियों के आवास भी बनाए जाएंगे। ग्राम समाज की ओर से जनवरी में ही जमीन देने की प्रक्रिया को पूरा कर दिया गया है। इस कार्यालय में मुरादाबाद मंडल के भी अधिकारी बैठेंगे। यह कार्यालय एक हेक्टेयर भूमि में बनना है। फिलहाल इसकी बाउंड्री कराने के लिए प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। राज्यकर विभाग के कार्यालय और आवासों का नक्शा बन चुका है। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने जनवरी 2023 को कार्यालय के लिए भूमि की पैमाईश कराई थी। ग्राम समाज की ओर से राज्यकर विभाग को हैंडओवर के बाद नक्शा तैयार कराया गया है। जिसमें कार्यालय और आवासीय भवन शामिल किए हैं।
राज्यकर विभाग के संभल उपायुक्त (प्रशासन) लल्लन प्रसाद यादव ने बताया कि संभल- बहजोई मार्ग पर गांव किसौली में एक हेक्टेयर भूमि का सीमांकन किया गया है। बताया कि पांच खंड के 15 अधिकारी व मोबाइल यूनिट (सचल दल) की तैनाती रहेगी। फिलहाल जिला स्तरीय कार्यालय संभल और चंदौसी के कार्यालयों से संचालित होता है। संभल का कार्यालय किराए के भवन में संचालित होता है। जिला स्तरीय कार्यालय बनने के बाद संभल का कार्यालय रहेगा लेकिन चंदौसी का कार्यालय बहजोई शिफ्ट हो जाएगा।
बहजोई से 7 और संभल से 17 किलोमीटर रहेगी राज्यकर कार्यालय की दूरी
गांव किसौली की दूरी बहजोई से 7 किलोमीटर और संभल से करीब 17 किलोमीटर है। इसी गांव में एआरटीओ कार्यालय बनना भी प्रस्तावित है। राज्यकर कार्यालय के नजदीक जिला मुख्यालय हो जाएगा। यह जिला स्तरीय कार्यालय केंद्र बिंदु में बनने से संभल, चंदौसी और गुन्नौर के लोगों के लिए आसान हो जाएगा।