बहजोई। दो दिनों में उम्मीदवारों की ओर से दाखिल किए गए नामांकन पत्रों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में जांच की प्रक्रिया चली। देर शाम तक चली जांच की प्रक्रिया के दौरान तमाम उम्मीदवार जांच कर रहे सहायक निर्वाचन अधिकारियों के कक्ष के बाहर खड़े रहे।
बीते दो दिनों में कलक्ट्रेट परिसर स्थित कृषि रक्षा इकाई भवन में बने चार कक्षों में वार्ड वार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए कुल 552 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। इसके सापेक्ष सोमवार सुबह तय समय पर चारों कक्षों के सहायक निर्वाचन अधिकारियों की ओर से वार्ड वार नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
देर शाम तक चली जांच प्रक्रिया में उम्मीदवार भी नामांकन पत्र दाखिल करने वाले काउंटरों के बाहर खड़े दिखाई दिए। कक्षा संख्या 1 के वार्ड 1 से लेकर 9 तक के लिए बनाए गए सहायक निर्वाचन अधिकारी/ डिप्टी कमिश्नर वाणिज्य कर संजीव कुमार ने बताया कि सुबह तय समय से देर शाम तक नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया चली। नामांकन पत्रों में कोई जानकारी साफ तौर पर न मिलने पर उम्मीदवार को बुलाया गया और जानकारी स्पष्ट की गई।
वहीं कक्ष संख्या 2 में वार्ड संख्या 10 से लेकर 18 तक के नामांकन पत्रों की जांच कर रहे सहायक निर्वाचन अधिकारी/ डीएसटीओ रतनेश कुमार ने बताया कि शाम को तय समय तक नामांकन पत्रों की जांच की गई। शेष नामांकन पत्रों की जांच 20 अप्रैल को की जाएगी।