धनारी। थाना क्षेत्र के धनारी रेलवे स्टेशन पर बस और टेंपो संचालन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक टेंपो चालक ने तीन लोगों पर दबंगई दिखाने, जातिसूचक शब्द कहने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
धनारी स्टेशन निवासी शिवकुमार उर्फ लालू के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे बहजोई और पाठकपुर निवासी तीन लोग रेलवे स्टेशन पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने टेंपो संचालन का विरोध करते हुए कहा कि यहां से टेंपो नहीं चलाने देंगे। बहजोई की ओर टेंपो ले जाने पर मारपीट करने की चेतावनी भी दी। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान उसके साथ अभद्रता करते हुए जातिसूचक शब्द कहे गए।
जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद तीनों वहां से चले गए। पीड़ित ने अपनी सुरक्षा को लेकर थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है, मामले की जांच की जा रही है।