शराब की दुकानों के खिलाफ पब्लिक का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। लोग अपने आसपास दुकान स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं हैं। इसी को लेकर मंगलवार को नरौली में महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। लाठी डंडे लेकर महिलाओं ने शराब की दुकान पर धाबा बोल दिया।
सेल्समैन डरकर अंदर से ताला लगाकर दुकान में ही बंद हो गया। पुलिस पहुंची तो महिलाओं से नोकझोंक हो गई। आखिरकार दुकान में ताला डालने के बाद दो घंटे तक हंगामा करने के बाद महिलाएं अपने घरों को लौटीं। वहीं मढ़न में महिलाओं ने प्रदर्शन कर शराब में ताला लगा दिया।वहीं अलिया कल्यानपुर गांव में आंदोलन जारी है।
बनियाठेर थाना क्षेत्र के नरौली कस्बे में संभल-चंदौसी मार्ग पर हाईवे पर ही अंग्रेजी शराब की दुकान है। इसे अभी तक शराब कारोबारियों ने नहीं हटाया। इसको लेकर नरौली के मोहल्ला मकूपुरा व आसपास की करीब पचास से अधिक महिलाएं मूर्ति देवी की अगुवाई में लाठी डंडे लेकर सड़क पर आ गईं। उन्होंने शराब की दुकान पर धाबा बोल दिया।
महिलाओं का आक्रोश देखकर सेल्समैन अंदर की दुकान में बंद हो गया। इसी बीच सूचना मिलने पर 100 डायल व नरौली चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। महिलाओं को रोकने का प्रयास किया तो महिलाएं पुलिस से भी भिड़ने को तैयार हो गईं। गुस्से को भांपते हुए पुलिस ने दुकान में ताला डालकर महिलाओं को समझा बुझाकर शांत किया।
करीब दो घंटे तक महिलाओं का हंगामा शराब की दुकान पर चलता रहा। महिलाओं का कहना है कि उनके पति व बेटे शराब पीकर घर लौटते हैं। महिलाओं व बच्चो के साथ मारपीट करते हैं, इसलिए वह बस्ती व आसपास के क्षेत्र में शराब की दुकान संचालित नहीं होने देंगी।
वैसे भी शासन ने हाईवे से पांच सौ मीटर की दूरी के बाद ही दुकान स्थापित करने के आदेश दिए हैं लेकिन यह दुकान हाईवे पर ही संचालित की जा रही है। काफी समझाने के बाद शाम को छह बजे महिलाएं घरों को लौटीं। प्रदर्शनकारी महिलाओं में हंसमुखी, सावित्री देवी, सेवती, शंकुतला देवी, मधिया देवी, लीलावती, राजवती, हरिनंदी, शारदा देवी, चंपा देवी, राममूर्ति, उर्मिला देवी आदि शामिल रहीं।
शराब के ठेकों में महिलाओं ने जड़ा ताला, पुलिस पहुंची
संभल/ओबरी। असमोली थाना क्षेत्र में लोदीपुर मार्ग पर मढ़न गांव के अड्डे पर देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानों को हटाने को लेकर मंगलवार को महिलाओं ने सामूहिक तौर पर आंदोलन किया। महिलाओं ने शराब की दोनों दुकानों के सेल्समैनों से दुकानें बंद करने को कहा। सेल्समैनों ने महिलाओं की मांग को अनसुना किया तो महिलाएं आक्रोशित हो गईं।
पहले देशी शराब की दुकान के सेल्समैन नरेंद्र सिंह को दुकान से बाहर निकालकर ताला जड़ा फिर अंग्रेजी शराब की दुकान में पहुंचकर महिलाओं ने सेल्समैन हिमांशु को बाहर निकाला। दुकान में ताला जड धरने पर बैठ गईं। सेल्समैन महिलाओं से दुकानें खोलने के लिए गुहार लगाते रहे, लेकिन महिलाएं नहीं मानीं।
दोनो सैल्समैनों ने दुकान बंद होने की सूचना ठेकेदार को दी तो ठेकेदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाकर दोनों दुकानों में लगे तालों को खुलवाया। महिलाएं ताले खुले देखकर आक्रोशित हो गईं । बुधवार तक दुकानें न हटाने पर आंदोलन की चेतावनी भी दे डाली।
वहीं असमोली थाना क्षेत्र के गांव अलियाकल्यानपुर गांव में शराब की दुकान को हटवाने की मांग को लेकर महिलाओं का नौवें दिन भी धरना जारी रहा। वहीं पुरुषों ने बुधवार को होने वाली महापंचायत की तैयारी की। महापंचायत में एक दर्जन से अधिक गांवों के लोग शामिल होंगे। इस बीच ग्राम पंचायत सचिव और ग्राम प्रधान ने प्रस्ताव पारित किया है। प्रस्ताव के मुताबिक गांव की सीमा में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।