मुख्य डाकघर में भुगतान नहीं दिए जाने से आक्रोशित ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। ग्राहकों ने पोस्टमास्टर पर अभद्रता का आरोप लगाया है। हंगामे के बाद मुख्य डाकघर में पुलिस पहुंच गई। ग्राहकों को समझा बुझाकर शांत किया गया।
पोस्ट आफिस में इससे पहले भी करीब सप्ताह भर पहले सरेआम पोस्टमास्टर और एक पोस्टमैन के बीच जमकर मारपीट हुई थी। मुख्य डाकघर विवादों के घेरे में है। करीब सप्ताह भर पहले पोस्टमास्टर और निजी पोस्टमैन के बीच सरेआम मारपीट का शर्मनाक नजारा नगरवासियों के जहन से अभी उतरा नहीं था। तब तक शनिवार को दोपहर 12 बजे ग्राहकों और पोस्टमास्टर के बीच जमकर नोकझोक के बाद हंगामा हुआ।
विवाद खाते से धनराशि नहीं दिए जाने पर हुआ। ग्राहकों का आरोप है कि समय सीमा का बहाना बनाकर पोस्टमास्टर ने धनराशि नहीं दी। जरुरतमंद बैरंग अपने घर लौट आए। शनिवार को पोस्ट आफिस में एक बजे तक काम होना था। ग्राहकों का आरोप है कि पोस्टमास्टर ने 12 बजे ही ग्राहकों को लेनदेन के लिए मना कर दिया। कारण पूछा तो भड़क गए। अभद्रता करने लगे।