चंदौसी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को निरीक्षण में तीन पेठा निर्माण शालाओं में गंदगी मिली है। सीएफएसओ ने तीनों पेठा निर्माणशालाओं को बंद कराने के निर्देश जारी किए हैं तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। वही वहीं चंदौसी में मयूर बार एंड रेस्टोरेंट में कैंटीन में सफाई संतोषजनक न मिलने पर नोटिस जारी किया गया है।
शुक्रवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने टीम के साथ चंदौसी में गुलडेहरा रोड स्थित रूपम पेठा निर्माणशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणशाला कर्मचारी गंदगी में पेठा बनाते हुए मिले। कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाण पत्र भी नहीं थे। अन्य खामियों भी मिली। इसके बाद उन्होंने हनुमानगढ़ी स्थित श्री नारायण पेठा निर्माणशाला व अंशुल पेठा निर्माणशाला का भी निरीक्षण किया। वहां भी गंदगी में कर्मचारी पेठा बनाते हुए मिले। उन्होंने तीनों पेठा निर्माणशालाओं को बंद करने के आदेश जारी कर दिए हैं। साथ् ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व न्यायालय में मुकदमा दर्ज करने की बात कही है। इसके बाद टीम ने माल गोदाम रोड स्थित मयूर बार एंड रेस्टोरेंट में संचालित कैंटीन का निरीक्षण किया। कैंटीन में भी सफाई संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने कैंटीन संचालक को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राहुल सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी महेंद्र सिंह रहे।