गुन्नौर (संभल)। गांव जगन्नाथपुर में डायरिया से बुधवार की शाम गांव निवासी करतार सिंह के 13 वर्षीय बेटे अनमोल और पांच वर्षीय बेटी संध्या की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अंजली, चार साल के बेटे हरियांस और एक माह के बेटे की हालत गंभीर है। एक साथ दो बच्चों की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। वहीं ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
गांव जगन्नाथपुर निवासी करतार सिंह का 13 वर्षीय बेटे अनमोल को बुधवार शाम करीब पांच बजे अचानक उल्टी-दस्त होने लगे। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाते उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। परिजन बच्चे के मौत के गम में थे, इसी दौरान उनकी बेटी संध्या ने भी दम तोड़ दिया। बाद में उनकी अंजली और बेटे हरियांस के साथ ही एक माह का बेटा भी बीमार हो गया। मोहल्ले के लोग तुरंत अपने निजी वाहनों से सभी को गुन्नौर सीएचसी ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर महिला और उसके दोनों बच्चों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।