बहजोई कलक्ट्रेट सभागार में कैला देवी पर सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम।
- फोटो : CHANDAUSI
संभल। करोड़ों रुपये लागत की विकास परियोजनाओं को लागू कर कैला देवी मंदिर क्षेत्र को विकसित करने और क्षेत्र की आबादी को विकास की रफ्तार देने के लिए जिलाधिकारी गंभीर हैं। जिला प्रशासन के अधिकारियों और विभिन्न निर्माण एजेंसियों के अभियंताओं संग जिलाधिकारी ने मंदिर क्षेत्र का पहले ही निरीक्षण कर लिया है। अब मंदिर क्षेत्र के विकास की योजनाओं और उसके लिए तैयार किए गए इस्टीमेट को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को दोपहर बहजोई स्थित कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने अधिकारियों के संग बैठक की। अभियंताओं से उनके अब तक के इस्टीमेट मांगे साथ ही कुछ सुझाव भी दिए।
जिलाधिकारी ने बैठक में मौजूद अधिकारियों से कहा कि मंदिर क्षेत्र को वह इस तरह से विकसित कराना चाहते हैं जैसे जिले का अक्षरधाम हो। मंदिर में आने पर भक्तों को राहत मिले और क्षेत्र की जनता का भी विकास होगा। आने जाने में किसी को परेशानी न हो।
बेटियों को पढ़ने और आगे बढ़ने का मौका मिले। मंदिर पहुंचने के बाद लोगों को बेहतर भावनाओं का माहौल मिले। उन्होंने यह भी कहा कि परिवार के साथ यहां आना सबको अच्छा लगे। यही प्रयास है। मंदिर क्षेत्र में बच्चों को खेलने के लिए पार्क हों। क्षेत्र की बेटियों को पढ़ने के लिए इंटर कालेज की स्थापना की जाए। अतिथियों के ठहरने के लिए यूपी सदन जैसा एक सरकारी निरीक्षण भवन बनाया जाये।
सुरक्षा के लिए थाना भी बनाया जाए। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने इस संबंध में अपने इस्टीमेट की जानकारी उन्हें दी फिर जिलाधिकारी के सुझाव लिए। इसके बाद उन्होंने कहा कि इस्टीमेट में कुछ बदलाव होंगे।
बदलाव के बाद वह नए इस्टीमेट प्रस्तुत करेंगे। बैठक में कई विभागों के अधिकारियों ने भागीदारी की। अपर जिलाधिकारी कमलेश अवस्थी और डिप्टी कलेक्टर राजेश कुमार ने भी भाग लिया। भाजपा के जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खड़गवंशी ने मंदिर क्षेत्र को भव्य तरीके से विकसित करने पर जोर दिया। पूर्व एमएलसी परमेश्वरलाल सैनी, भाजपा नेता कमल शर्मा ने भी भाग लिया।