चंदौसी (संभल)। डिप्टी कलक्टर व कार्यवाहन ईओ विनय मिश्रा ने मंगलवार को हनुमानगढ़ी में पहुंचकर जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए निर्देश दिए। कहा कि दो दिन में जलभराव से निपटने को वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
चंदौसी के मोहल्ला हनुमान गढ़ी और नई बस्ती में सालों से लोग जलभराव की समस्या से परेशान हैं। कई बार लोग अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। समाधान न होने पर प्रदर्शन भी किए, लेकिन आज तक समस्या जस की तस बनी है। मंगलवार को डिप्टी कलक्टर विनय मिश्रा हनुमानगढ़ी पहुंचे और जलभराव की मुख्य वजह जानने का प्रयास किया। कई मोहल्ले में जलभराव मिला। इसको लेकर पालिका को निर्देश दिए। कहा दो दिन के अंदर पंपसेट लगाकर जलभराव को दूर किया जाए। कीचड़ को साफ कर रास्ता सुधारा जाए। हालांकि यह स्थायी समाधान नहीं है। दरअसल नगर पालिका हनुमानगढ़ी नई बस्ती को अपना हिस्सा नहीं मानती। जबकि यह लोग गृहकर और जलकर का भुगतान कर रहे हैं। पालिका के मतदाता भी हैं, लेकिन मूलभूत सुविधाएं यहां तक नहीं पहुंच पा रही हैं। तत्कालीन डीएम मनीष बंसल ने भी यहां की समस्या को लेकर सर्वे कराने और योजना में शामिल कराने के निर्देश दिए। लेकिन उनके स्थानांतरण के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला गया। पानी की निकासी न होने की वजह से हनुमानगढ़ी की गलियों में जलभराव रहता है। बिना बारिश के यहां हर समय दो से तीन फीट तक पानी रहता है। इससे लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बीमारी का खतरा भी बना रहता है।