चंदौसी। मुरादाबाद से आए डिप्टी चीफ इंजीनियर गति शक्ति ने मंगलवार को रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर कायाकल्प के कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने कंपनी ठेकेदार से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर चल रहे कार्य की जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्देश दिए कि अगर कायाकल्प कार्य में लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई की जाएगी।
चंदौसी रेलवे स्टेशन पर चल रहे अमृत भारत योजना के तहत कायाकल्प के कार्यों को एक वर्ष से ज्यादा का समय बीत चुका है लेकिन एक वर्ष में सिर्फ प्लेटफॉर्म नंबर एक के उच्चीकरण का ही कार्य पूरा हुआ है। लिफ्ट का निर्माण, प्लेटफॉर्म दो के उच्चीकरण, मुख्य द्वार का सौंदर्यीकरण आदि कार्य अधर में लटके हैं। कायाकल्प कार्यों के निरीक्षण के नाम पर अधिकारी भी सिर्फ खानापूर्ति कर चले जाते हैं।
मंगलवार को डिप्टी चीफ इंजीनियर गति शक्ति विजेता सिंह ने भी स्टेशन पर हो रहे सौंदर्यीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने फुट ओवरब्रिज, लिफ्ट, संयुक्त प्रतीक्षालय, शौचालय, स्टेशन के फ्रंट का विकास व सौंदर्यीकरण और एक व दो प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण के कार्यों को देखा। संबंधित ठेकेदार को निर्देश दिए कि समय रहते कायाकल्प के कार्यों को निपटाया जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का ही उपयोग किया जाए। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक राजू कुमार सहित अन्य स्टाफ के लोग मौजूद रहे।