संभल। संभल में उप जिलाधिकारी कार्यालय पर शुक्रवार को समाज हित संरक्षण समिति ने विरोध प्रदर्शन किया। पदाधिकारियों ने कहा कि संभल क्षेत्र में जो फैक्टरी चल रही हैं, उनमें तय समय से अधिक वक्त तक काम कराया जा रहा है। इससे मजदूरों का शोषण हो रहा है। इसमें श्रम विभाग के अधिकारियों की भी संलिप्तता है। मामले की जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की गई है।
समिति के अध्यक्ष भगवानदास शर्मा की ओर से एक ज्ञापन भी दिया गया है। इसमें कहा गया है कि मजदूरों के शोषण के मामले में तत्परता दिखाते हुए जांच कराने की आवश्यकता है। फैक्टरियों में सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इसी के माध्यम से उन पर निगरानी की जा सकती है। ज्ञापन देने वालों में हरपाल सिंह, देवी सिंह, नितिन शर्मा, महीपाल सिंह, ओमप्रकाश, जोगेंद्र, दिनेश कुमार आदि रहे।