संभल। संभल-गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत रविवार को संतोषपुरी संन्यास आश्रम अट्टा, अतोरा के महंत अनंतपुरी महाराज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखने की मांग की गई।
महंत अनंतपुरी महाराज ने कहा कि संभल-गजरौला रेल लाइन के विस्तारीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। संभल संतों की भूमि है, जहां देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से साधु-संतों का लगातार आवागमन होता रहता है, लेकिन रेल सुविधा पर्याप्त न होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रधानमंत्री से जल्द इस परियोजना के लिए बजट जारी करने की मांग की।
आकांक्षु चाहल ने कहा कि संभल में औद्योगिक नगरी की स्थापना की जा रही है, जिसके लिए बेहतर रेल सुविधा बेहद जरूरी है। जामिन अली ने संभल को ऐतिहासिक नगर बताते हुए कहा कि यह महाराजा पृथ्वीराज चौहान की राजधानी रहा है। यहां मेंथा मंडी होने के कारण देश-विदेश के व्यापारियों का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन रेल सुविधा के अभाव में उन्हें दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
रविराज चाहल ने कहा कि संभल श्री कल्कि भक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु मासिक परिक्रमा में शामिल होने आते हैं, लेकिन रेल सुविधा की कमी के कारण उन्हें भारी परेशानी होती है। इस दौरान आदेश कुमार, मनोज कुमार, हरपाल सिंह आदि मौजूद रहे।