संभल। जिले में गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर हिसामपुर-भटौला के मध्य अंडरपास बनाने की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों के बाद भाकियू असली अब इसे मुद्दा बनाने की तैयारी में है। बृहस्पतिवार को भाकियू असली के बैनर तले तमाम लोग एसडीएम कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा है कि संभल-हसनपुर राज्य मार्ग से रिठाली से गवां व खिरनी मुख्य मार्ग को जोड़ते हुए पक्का मार्ग है। इस पर हिसामपुर से भटौला के बीच गंगा एक्सप्रेसवे गुजर रहा है। इसके निर्माण के दौरान मार्ग को बंद कर दिया गया है, जबकि यहां अंडरपास की जरूरत है। अंडरपास के न होने से हिसामपुर, भटौला के अलावा सद्दूसराय, लखौरी, भारतल, रिठाली, भमौरी पट्टी, सौंधन आदि गांवों के लोगों को आवागमन करने में परेशानी होगी। अल्टीमेटम देते हुए कहा कि 23 जनवरी तक समस्या का समाधान कराया जाए नहीं तो फिर 24 जनवरी से मार्ग स्थल पर पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान दिनेश सिरोही, रामकिशन, विजय सिंह, अशोक कुमार, समरपाल सिंह, संजीव गांधी, राजेंद्र सिंह, गनपत, अर्जुन सिंह, सुरेश सैनी आदि रहे।