संभल। नगर पालिका परिषद संभल को श्रेणी-एक से हटाकर श्रेणी-तीन का दर्जा दिए जाने पर लोगों में नाराजगी है। भारतीय इतिहास संकलन समिति के प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर वार्ता की। एसडीएम ने उचित व उपयुक्त आख्या भेजने का आश्वासन दिया है।
भारतीय इतिहास संकलन समिति के जिलाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा ने कहा कि संभल क्षेत्र के सभी लोगों को शासन से आशा और विश्वास है कि नगर के बाहर के कुछ मोहल्ले और ग्रामीण क्षेत्र नगर पालिका परिषद में सम्मिलित किए जाएंगे, जिससे संभल को भविष्य में नगर निगम का दर्जा दिया जा सके। लेकिन इसके विपरीत शासन स्तर से नगर पालिका परिषद को श्रेणी-एक से हटाकर श्रेणी-तीन में कर दिया गया है, जिससे संभलवासियों में रोष है।
उन्होंने नगर पालिका परिषद बोर्ड से परिषद को पुनः श्रेणी-एक में दर्ज करने का प्रस्ताव पास कराने, जिलाधिकारी द्वारा शासन को उचित एवं उपयुक्त आख्या भेजने तथा संभल के हित में न्यायसंगत पैरवी करने की उप जिलाधिकारी विकास चंद्र से प्रार्थना की। इस अवसर पर रेखा शर्मा ने नगर के मोहल्ला शहजादी सराय और आलम सराय के नाम परिवर्तित करके क्रमशः महदगिरि और पिंगल सराय रखने की मांग की। जबकि अरविंद शंकर शुक्ला ने कोटपूर्वी रामलीला मैदान स्थित कोटेश्वर महादेव मंदिर की दयनीय स्थिति को सुधारने, जीर्णोद्धार करने और यहां की उत्तम व्यवस्था संचालित करने में प्रशासनिक सहयोग की अपेक्षा की। इस दौरान सुभाष चंद्र शर्मा, दुर्वेश सैनी, सत्यवीर सिंह, राजेंद्र सिंह गुर्जर, श्रीमती सुमन लता शर्मा, श्रीमती आशा गुप्ता, राकेश कुमार शर्मा आदि रहे।