चंदौसी। इन दिनों मुरादाबाद व बदायूं जाने वाली रोडवेज बसों को बदायूं चुंगी से गुजारा जा रहा है। अलीगढ़ आने जाने वाली बसें नए बाईपास से होकर जा रही हैं। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल ने एक ज्ञापन रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी को सौंपा। जिसमें पावर हाउस की भूमि पर अस्थायी रोडवेज बस स्टैंड बनाने की मांग की गई।
सोमवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी नगर अध्यक्ष अनुज वाष्र्णेय के नेतृत्व में रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। जहां उन्होंने एआरएम को संबोधित ज्ञापन रोडवेज बस स्टैंड प्रभारी राजीव यादव को सौंपा। इसमें बताया गया कि मुरादाबाद और बदायूं डिपो की बसें बदायूं चुंगी से संचालित की जा रही हैं। वहीं अलीगढ़ की बसें नए बाईपास से होकर गुजर रही हैं। जबकि नए बाईपास की शहर से दूरी करीब तीन किलोमीटर है। इससे वहां तक जाने में यात्रियाें को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सिर्फ इक्का दुक्का अलीगढ़ जाने वाली बसें ही सीओ कार्यालय से होकर रोडवेज बस स्टैंड पर आ रही हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी रात के समय में होती है। रात के समय नए बाईपास और बदायूं चुंगी पर सन्नाटा पसरा रहता है। ऐसे में कभी भी यात्रियों के साथ कोई बड़ी घटना हो सकती है। बीते कुछ माह पूर्व भी नए बाईपास के पास रात के समय एक मासूम की जान चली गई थी। इसलिए संगठन मांग करता है कि जब तक फ्लाईओवर का कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक पावर हाउस की भूमि पर अस्थाई रोडवेज बस स्टैंड बनाया जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश मंत्री शाह आलम मंसूरी, अमित शर्मा, अन्ना खान, मुजीब, अनुज कश्यप, शुभम अग्रवाल, तुषार आदि शामिल रहे।