संभल। विकासखंड पंवासा की ग्राम पंचायत औरंगपुर सिलैटा में मनरेगा योजना के तहत मृत व्यक्ति के नाम पर कार्य दर्शाकर भुगतान किया गया। ग्राम प्रधान अमर सिंह ने जिलाधिकारी को शिकायतीपत्र और शपथपत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2020-21 में एक श्रमिक के नाम पर मिट्टी के कार्य की मांग दर्ज की गई थी। जबकि उनकी मृत्यु सितंबर 2010 में हो चुकी थी। इसके बावजूद, 10 नवंबर 2020 को ई-मस्टररोल के माध्यम से 1,407 रुपये का भुगतान किया गया। यह धनराशि श्रमिक के पुत्र की पत्नी के बैंक खाते में भेजी गई। उसका बैंक खाता मनरेगा पोर्टल पर फूल सिंह के नाम से दर्ज था।
एपीओ पवांसा कुलदीप सिंह ने बताया कि उन्हें औरंगाबाद सिलेटा में मृतक के नाम से धनराशि जारी होने के मामले की जानकारी नहीं है। संबंधित अभिलेखों और भुगतान प्रक्रिया की जांच से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। संवाद