बहजोई।
सील किए गए नर्सिंग होम में प्रसव के लिए ऑपरेशन किए जाने की शिकायत पर एसडीएम संभल ने पुलिस की टीम के साथ छापा मारा। टीम अंदर पहुंचती इससे पहले अस्पताल संचालित करने वाली नर्स ने महिला को दूसरे रास्ते से बाहर निकल दिया। साक्ष्य इकट्ठा कर नर्सिंग होम संचालक नर्स व उसके पति को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वहीं, क्वैक्स प्रभारी डॉ. विरास की मौजूदगी में नर्सिंग होम को दोबारा सील कर दिया।
एसडीएम वंदना मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के आदेश पर बुधवार की दोपहर कृष्णा कुंज में पहले सील किए गए एलजे नर्सिंग होम पर छापा मारा गया। इसके बाद करीब आधा घंटे तक जांच-पड़ताल के बाद मोहल्ले की दूसरी गली के एक घर में संचालित सील नर्सिंग होम पर छापा मारा गया। यह दोनों नर्सिंग होम एक नर्स और उसका पति संचालित करते हैं। यहां काफी देर तक खटखटाने के बाद संचालक ने दरवाजा खोला। मौके पर देखा तो कोई मरीज तो नहीं मिला लेकिन ओटी से जुड़े सामान व उपकरण व कपड़ा आदि मिले। एक बाल्टी में ताजा खून था। इससे अंदेशा है कि दंपती की ओर से प्रसव के लिए किसी महिला का ऑपरेशन किया जा रहा था और जब वह पुलिस के साथ पहली गली में सील किए गए नर्सिंग होम की जांच-पड़ताल कर रही थीं, तो भनक लगने के बाद दंपती ने मरीज को मौके से निकला दिया। फिलहाल साक्ष्य व सील किए गए नर्सिंग होम खोलकर प्रसव आदि कार्य करने के आधार पर दंपती को पुलिस की हिरासत में दिया गया। क्वैक्स प्रभारी को बुलाकर जांच-पड़ताल के बाद ओटी व नर्सिंग होम को सील कराया गया है। मौके से महिला संचालक का स्टाफ नर्स का प्रमाणपत्र भी मिला है। वहीं, क्वैक्स प्रभारी का कहना था कि नर्सिंग होम को सील किया गया है। पूरे मामले में कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी जाएगी।
पत्नी की मौत के बाद पीड़ित पति ने की थी शिकायत
- नगर निवासी एक व्यक्ति ने डीएम को दिए गए शिकायतीपत्र में बताया कि नर्सिंग होम में लापरवाही से किए गए प्रसव के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई थी। इसके अलावा गांव सिसौना डांडा निवासी महिला समेत अन्य महिलाओं की भी लापरवाही से किए गए प्रसव में मौत हो चुकी है। कई बार सील व एफआईआर होने के बावजूद नर्सिंग होम संचालित है। वहीं, शिकायत को लेकर डीएम के आदेश के बाद एसडीएम संभल वंदना मिश्रा ने नर्सिंग होम पर छापा मारा।
बीते पांच वर्षों में कई बार हो चुकी है एफआईआर
- मौके पर पहुंचे क्वैक्स प्रभारी डॉ. विरास ने बताया कि बीते करीब पांच वर्षों में अवैध संचालन समेत डिलीवरी के दौरान गर्भवती महिला की मौत हो जाने के मामले में कई बार नर्सिंग होम सील करते हुए संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है।
डीएम आवास से पांच सौ मी. की दूरी पर चल था नर्सिंग होम
एसडीएम संभल की छापेमारी में सील किए गए नर्सिंग होम को लेकर खास बात यह है कि कई बार सील हुआ यह नर्सिंग होम डीएम आवास से करीब आधा किलोमीटर की दूसरी मोहल्ला कृष्णा कुंज में संचालित था।
कोट
- जिलाधिकारी के आदेश पर पहले बीते दिनों सील हुए नर्सिंग होम में जांच-पड़ताल की गई थी, बाद में दूसरे नर्सिंग होम पर छापा मारा गया था। यह नर्सिंग होम भी पहले से सील था। मौके पर मिले साक्ष्यों से अंदेशा है कि प्रसव के लिए ऑपरेशन किया जा रहा था। फिलहाल दंपति को पुलिस की हिरासत में देते हुए नर्सिंग होम सील किया गया है।
वंदना मिश्रा, एसडीएम संभल,
कोट
नर्सिंग होम पहले से सील था। साथ ही विभाग की ओर से कई बार नर्सिंग होम संचालक के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज कराई जा चुकी है। बावजूद इसके नर्सिंग होम संचालित मिलने पर संचालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
- डॉ. विरास, क्वैक्स प्रभारी।
कोट
- घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। हिरासत में लिए दंपति से भी पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
- विनोद कुमार मिश्रा, कोतवाल, कोतवाली बहजोई।