संभल के तत्कालीन सीजेएम का तबादला निरस्त कराने के लिए मुख्य न्यायाधीश को भेजा ज्ञापन
संभल के तत्कालीन मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) विभांशु सुधीर का तबादला निरस्त कराने के लिए शुक्रवार को मुरादाबाद में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन जिला न्यायाधीश को सौंपे। मौसम खराब और बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार की दोपहर अधिवक्ता बार सभागार में इकट्ठा हुए। इस दौरान अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा संभल के अधिकारी और कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए थे, लेकिन अधिकारियों ने आदेश मानने से इन्कार कर दिया और रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इसके कुछ दिन बाद ही मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट का तबादला भी कर दिया गया।
इससे न्यायपालिका की स्वतंत्रता, निष्पक्षता एवं न्याय व्यवस्था पर जनता के विश्वास को ठेस पहुंची है। इसके बाद सभी अधिवक्ता जुलूस निकालकर और नारेबाजी करते हुए बाहर निकले और न्यायालय परिसर में पहुंच गए। इसके बाद अधिवक्ताओं ने जिला न्यायाधीश से मुलाकात की और उन्हें पूरे प्रकरण की जानकारी दी। इसके बाद दोनों हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को संबोधित ज्ञापन सौंपे। इस दौरान महासचिव कपिल गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अंजार हुसैन, उपाध्यक्ष पुनीत चौहान, सचिन शर्मा, आवरण अग्रवाल, रमापंत पांडेय, अनिल गुप्ता समेत अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।