बाग की रखवाली करने गए ऐंचोड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव धारंगपुर निवासी देवराज (60) का शव रविवार की सुबह खेतों में पड़ा मिला। चारा लेने गई महिलाओं ने शव देखकर परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
गांव धारंगपुर निवासी अजीत ने बताया कि शनिवार को उसके पिता देवराज पड़ोस के गांव निवासी युवक के बाग की रखवाली करने की बात कहकर घर से गए थे। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटे तो उनकी तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका।
रविवार की सुबह करीब 11 बजे गांव निवासी हरि सिंह के खाली खेत में रास्ते के किनारे उनके पिता का शव पड़ा होने की जानकारी मिली। सूचना मिलने के बाद परिजनों के साथ पुलिस भी पहुंच गई। अपर पुलिस अधीक्षक श्रीश्चंद्र और पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की।
परिजनों ने हत्या करने के बाद शव फेंकने की आशंका जताई है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि जांच पड़ताल कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।