रजपुरा। रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव भीकमपुर जैनी में शुक्रवार की सुबह गांव के ही कालू उर्फ रोहताश (20) का शव शीशम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे लटका मिला। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मृतक के पिता नत्थू सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम बेटा रोजाना की तरह खाना खाने के बाद सो गया था। शुक्रवार सुबह घर में परिजन जागे तो रोहताश चारपाई से गायब था। तलाश करने पर सात बजे गांव के बाहर जंगल में शीशम के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि उसने आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं है। थाना प्रभारी अमरपाल सिंह ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई की जाएगी।