बहजोई। रेलवे लाइन के किनारे युवक का शव पेड़ से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना गांव खजरा-खाकम के निकट की है।
रविवार सुबह करीब पांच बजे कोतवाली क्षेत्र के गांव खजरा-खाकम निवासी युवक हीरालाल पुत्र हरदयाल (19) का शव गांव के निकट रेलवे लाइन के किनारे पेड़ से प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से लटका मिला। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने ग्रामीणों व परिजनों को घटना की सूचना दी। परिजनों का कहना था कि हीरालाल गांव के निकट मुरादाबाद-आगरा हाईवे के किनारे स्थित एक ढाबा पर काम करता था। सुबह पांच बजे करीब ढाबा पर रुकने वाले ट्रक वालों ने हीरालाल का शव पेड़ से लटका देखा था। इनका कहना था कि शनिवार की रात आठ बजे पिता ने हीरालाल से घर चलने की बात कही थी, तो उसने बाद में घर आने की बात कही। सुबह जानकारी मिली कि बेटे का शव रेलवे लाइन के निकट पेड़ से रस्सी के फंदे से लटका मिला।
प्रभारी इंस्पेक्टर पंकज लवानियां का कहना है कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने किसी भी रंजिश से इंकार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।