चंदौसी। बनियाठेर थाना क्षेत्र में बाकरपुर बेहतरी के जंगल में एक खेत में बनी एक कोठरी में 30 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला है। शव चार से पांच दिन पुराना बताया जा है। उसके सिर पर चोट और चेहरे पर चोट की पट्टी बंधी है। शर्ट पर खून के निशान हैं। वहीं कोठरी में नशे के खाली इंजेक्शन भी मिले। जिससे पुलिस मौत की वजह इंजेक्शन की ओवरडोज मान रही है। कुछ लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
चंदौसी के बिसौली गेट निवासी सुरेंद्र कुमार की जमीन बनियाठेर थाना क्षेत्र के बाकरपुर बेहतरी गांव में है। उनके खेत में एक पुरानी जर्जर कोठरी बनी हुई है। शनिवार की शाम खेतों में कुछ लोग काम कर रहे थे। इस दौरान हवा के साथ उन्हें दुर्गंध महसूस हो रही थी। जिसके बाद एक व्यक्ति ने कोठरी में झांककर देखा तो अंदर युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। जिसके बाद उसने अन्य लोगों को जानकारी दी। इन्हीं में से एक व्यक्ति ने पुलिस को कोठरी में शव मिलने की सूचना दी। जिसके बाद मौके पर बनियाठेर पुलिस और सीओ डॉ. प्रदीप कुमार पहुंच गए।
कोठरी से शव को बाहर निकाला गया। शव से बुरी तरह दुर्गंध उठ रही थी। देखने से शव पांच दिन पुराना लग रहा था। सिर और चेहरे पर लगी चोट पर पट्टी बंधी थी। शर्ट पर भी खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। युवक सफेद रंग की टीशर्ट और नीले रंग का लोवर पहने हुए है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम को भेजा है।