धनारी के गांव सुल्तानगढ़ से सिकरौरा भूड जाने वाले कच्चे मार्ग पर खेत में करीब चालीस साल के व्यक्ति का शव मिला। शव दो से तीन दिन पुराना है। उसके चेहरे पर तेजाब डालकर पहचान छुपाने की कोशिश की गई है। शिनाख्त न होने से पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के मुताबिक थाना क्षेत्र के सुल्तानगढ़ से सिकरौरा भूड़ जाने वाले मार्ग पर रामचंद्र के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ लगे हैं। रविवार को रामचंद्र खेतों की ओर गए तो वहां बदबू आ रही थी। अंदर जाकर देखा तो एक व्यक्ति का शव पड़ा था। उन्होंने घटना की सूचना चौकीदार को दी। चौकीदार की सूचना पर पुलिस पहुंच गई।
अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की खबर से आसपास के लोग एकत्र हो गए। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया पर पहचान नहीं हो सकी। उसके दाएं हाथ में कलावा बंधा है। वह सफेद रंग की बनियान, नारंगी रंग की टीशर्ट, काली पेंट पहने है।
धनारी क्षेत्र में मिले शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव दो से तीन दिन पुराना होने का अनुमान है। मामला दर्ज कराकर पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।
- डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, सीओ बहजोई