संभल। फत्तेहपुर सराय विद्युत उपकेंद्र के गांव औरंगपुर सिलेटा के 70 घराें में चार दिन से आपूर्ति ठप है। ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण बिजली नहीं मिल रही है। गर्मी से बिलबिलाए लोगों का धैर्य शनिवार को जवाब दे दिया। उन्होंने मुख्य बिजलीघर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और एसडीओ को पत्र देकर जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों में सोनू पाल ने बताया कि चार दिन पहले गांव में रखा ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इसकी तत्काल सूचना जेई को दी थी। पहले दिन सुनवाई न हुई तो ऑनलाइन नंबर 1912 पर शिकायत दर्ज कराई लेकिन फिर भी सुनवाई न हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय 1076 नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन ट्रांसफार्मर इसके बाद भी न बदला जा सका। ग्रामीण गर्मी में उबल गए। मुख्य बिजलीघर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
एसडीओ को पत्र देकर जल्द ही ट्रांसफार्मर को बदलवाते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रदर्शन करने वालों में विनीत पाल, भुवनेश पाल, विपुल, रामौतार, बॉबी, प्रेमशंकर, अनुज, रोहित आदि रहे।