बबराला। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवपुरी लाइनपार में पिछले सात दिनों से ट्रांसफार्मर खराब है। जिससे पिछले सात दिनों से शिवपुरी काॅलोनी में अंधेरा छाया हुआ है। परीक्षा के दौरान बिजली गुल होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को काॅलोनीवासियों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की। कस्बे की शिवपुरी काॅलोनी में पिछले सात दिनों से ट्रांसफार्मर खराब होने से बिजली गुल है। शिकायत के बाद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जबकि यूपी बोर्ड व सीबीएसई की परीक्षा प्रारंभ हो चुकी है। बिजली नहीं होने से छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारी करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रात होने पर घरों में अंधेरा व्याप्त हो जाता है।
सात दिन से बिजली गुल होने से पेयजलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। जिससे लोगों को आसपास लगे हैंडपंप से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। मंगलवार को काॅलोनीवासियों ने विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन देकर ट्रांसफार्मर सही कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में नवनीत गांधी, अमित, प्रदीप यादव, रविंद्र कुमार, तिलक सिंह आदि मौजूद रहे।