चंदौसी (संभल)। त्योहार नजदीक आते ही बाजारों में उमड़ी भीड़ ने यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी है। नो एंट्री जोन में बड़े वाहन और ई-रिक्शा के आवागमन से बाजारों में दिन भर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम के कारण वाहन चालकों और राहगीरों दोनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, फिर भी प्रशासन की ओर से अभी तक कोई रूट प्लान तैयार नहीं किया गया है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को हो रही है।
पति की लंबी आयु के लिए मनाया जाने वाला करवा चौथ का पर्व 10 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसको लेकर बाजारों में अधिकांश भीड़ महिलाओं का सामान बेचने वाली दुकानों पर है। महिलाएं अपने परिजनों के साथ दुपहिया व चार पहिया वाहनों पर सवार होकर बाजार में दुकानों पर पहुंच रही हैं। वहीं, इन लोगों के वाहनों को खड़ा करने के लिए शहर में कोई पार्किंग की व्यवस्था नहीं है, जिस कारण लोगों को अपने वाहनों को सड़क पर इधर-उधर खड़े करने पड़ते हैं। जिसके चलते जाम की स्थिति बन जा रही है। तो वहीं, नो एंट्री जोन में बड़े वाहनों का आवागमन और ई - रिक्शाओं का बेतरतीब संचालन और सड़कों के किनारे दुकानों का अतिक्रमण जाम की मुख्य वजह बन रहा है। शहर की अधिकांश सड़कें चौड़ी नहीं हैं, जिस कारण बड़े वाहन अक्सर सड़कों पर फंस जाते हैं और जाम लग जाता है। उधर ई-रिक्शा चालक नियमों की अनदेखी कर मनमुताबिक वाहनों का संचालन कर रहे हैं, जिससे जाम और भी बढ़ रहा है। दुकानों के बाहर अतिक्रमण के कारण सड़कें और संकरी हो जाती हैं, जिससे हल्की भीड़ भी जाम का रूप ले लेती है।
.....................
इन स्थानों पर लगता है जाम
मुरादाबाद गेट, फव्वारा चौक, ब्रह्म बाजार, संभल गेट, कैथल गेट, सीता रोड, बड़ा बाजार, खुर्जा गेट, फड़याई बाजार, घंटा घर, सीकरी गेट, स्टेशन रोड, गोशाला रोड आदि।
-
दिवाली पर भीड़ जुटने से बाजारों में लगने वाले जाम से निजात के लिए शहर का ट्रैफिक रूट प्लान तैयार कर लिया गया है। चंदौसी में मुख्य बाजारों में ई-रिक्शा आदि का वन वे किया जाएगा। 14 अक्टूबर से रूट प्लान लागू किया जाएगा।
दुष्यंत वालियान, टीएसआई, संभल।