बहजोई के गांव करीमपुर घेर में मुठभेड़ की सूचना पर पहुंचे सीओ जांच पड़ताल करते हुए। संवाद
बहजोई(संभल)। गांव करीमपुर घेर में मध्य गंगा नहर के नजदीक शुक्रवार की रात करीब आठ बजे बाइक सवार बदमाशों व पुलिस में मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग में बहजोई थाने में तैनात सिपाही हरीश कुमार घायल हुआ है। जबकि पुलिस की फायरिंग में संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी तसब्बुर को पैर में गोली लगी है।
सिपाही और बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया है। बाइक पर सवार अन्य तीन बदमाश भागने में कामयाब रहे। सीओ डॉ. प्रदीप कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और कॉम्बिग की लेकिन भागे हुए बदमाश पकड़ में नहीं आ सके।
सीओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश ने पूछताछ में बताया है कि पहली अक्तूबर को एक महिला से कुंडल लूट लिए थे। शुक्रवार की रात भी किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। सीओ ने बताया कि आरोपी के पास से लूटे गए कुंडल, तमंचा व बाइक बरामद हुई है। बाइक की छानबीन की जा रही है।
आशंका है कि बाइक भी चोरी हो सकती है। सीओ ने बताया कि भागे हुए बदमाशों की भी तलाश की जा रही है। सीओ ने बताया कि बदमाशों के खिलाफ पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।