वेलेंटाइन डे पर हर तरफ उत्साह का नजारा दिखा। युवाओं ने अपने प्रिय को चॉकलेट, रेड रोज, गिफ्ट देकर प्यार का इजहार किया। रेस्टोरेंट में खाने के साथ यादगार समय बिताया। नगर में दिन भर प्रेमी जोड़े मिलने के लिए सुरक्षित स्थान की तलाश में मशक्कत करते नजर आए।
भले ही वेलेंटाइन-डे पश्चिमी परंपरा हो लेकिन बड़े शहरों के बाद अब चंदौसी जैसे छोटे शहरों में भी दस्तक दे दी है। प्रेमी जोड़ों ने रविवार को अपने अंदाज में इस दिवस पर प्यार का इजहार किया। कुछ प्रेमी जोड़े आमने सामने मिले तो कुछ ने मैसेज से काम चलाया। कई युवाओं ने गुलाब के लाल फूल एक दूसरे को दिए तो कई जोड़े होटल और रेस्तरां में पहुंचे।
बाजार में वेलेंटाइन डे पर रौनक का माहौल रहा। फ्लावर प्वाइंट पर रेड रोज की खरीदारी के लिए युवाओं में खास क्रेज रहा। चाकलेट की बंपर बिक्री रही। पुलिस और प्रशासन दिन भर सतर्क रहा। सार्वजनिक स्थलों पर प्रेमी जोड़े नजर नहीं आए। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस की लैपर्ड दिन में सार्वजनिक स्थलों पर निगरानी में रही लेकिन कहीं कोई जोर जबरदस्ती जैसी स्थिति नहीं थी।