मुरादाबाद और संभल में सक्रिय छह बदमाशों को असमोली थाना पुलिस और एसओजी मिलकर गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास चोरी की तीन बाइकें, 56,500 रुपये, सोने चांदी के जेवर और पांच तमंचे, एक चाकू और 17 कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक अतुल सक्सेना ने बहजोई पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में शनिवार को बताया कि अंतर्जपदीय बदमाशों को पुलिस ने असमोली क्षेत्र के अहरोला गांव के जंगलों में बंद पड़ी फैक्ट्री से गिरफ्तार किया है।
उनके मुताबिक मुरादाबाद जिले के बिलारी थाना क्षेत्र स्थित मंगूपुरा निवासी ओमकार उर्फ चौड़ा पुत्र नत्थू सिंह और कमल सिंह पुत्र कल्लू सिंह, बिलारी थाना क्षेत्र के गांव हरौरा निवासी सतपाल पुत्र बस्सू, बिलारी के गांव सहसपुर निवासी बाबू पुत्र नन्हे तथा रामपुर जिले के पटवाई थाना क्षेत्र स्थित गांव घोसीपुरा निवासी इकबाल पुत्र जुम्मा, रामपुर जिले के ही शाहाबाद थाना क्षेत्र के बल्लूपुरा निवासी भोर सिंह उर्फ भौरा को गिरफ्तार किया गया है। इसमें इकबाल, सतपाल और बाबू ईनामी बदमाश हैं।
तीनों पर 2500-2500 रुपये का ईनाम है। इन्हें गिरफ्तारी करने वाली एसओजी टीम का नेतृत्व संतोष त्यागी ने किया। थाने की टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी योगेंद्र यादव कर रहे थे। दोनों टीमों को पांच हजार रुपये का ईनाम दिया जा रहा है।