कोतवाली क्षेत्र में संभल-चंदौसी मार्ग पर गांव भवानीपुर गांव के निकट दिनदहाड़े बाइक सवार तीन युवकों द्वारा ट्रक के टायर में गोली मारकर लूट की सूचना दिए जाने से पुलिस में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंची तो ट्रक मालिक ने 30 हजार रुपये लूटे जाने की बात कही। पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात सामने आई कि जिन युवकों पर लूट का आरोप लगाया गया उनमें से एक ट्रक मालिक का चचेरा भाई होने के साथ उसका चचेरा भाई है। रुपयों को लेकर मारपीट की गई है। पुलिस ने लूट की घटना से इनकार किया है। ट्रक में तोड़फोड़ और मारपीट के आरोप में ट्रक मालिक के चचेरे भाई समेत तीन युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
नखासा थाना क्षेत्र के मोहल्ला दीपा सराय, ठंडी कोठी निवासी फरहाद अख्तर ट्रक मालिक है। सोमवार को वह अपने चालक अहमद निवासी मछली महल के साथ ट्रक में वाहनों के रिम भरकर लखनऊ जा रहा था। ट्रक संभल-चंदौसी मार्ग पर गांव भवानीपुर के निकट पहुंचा। आरोप है कि बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रक के अगले टायर में गोली मार दी। इससे ट्रक पलटने से बचा। ट्रक में सवार मालिक और चालक सहम गए। ट्रक मालिक ने पुलिस को फोन से दिनदहाड़े लूट करने की सूचना दे दी। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया।
कोतवाली प्रभारी अनिल समानिया पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। ट्रक मालिक ने पुलिस को बताया कि तीन युवकों ने पहले ट्रक के टायर में गोली मारी। ट्रक रुकने पर पैंट की एक जेब में रखे 30 हजार रुपये लूट लिए और तमंचे लहराते हुए भाग गए जबकि दूसरी जेब में रखे 10 हजार रुपये बाकी हैं। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने दूसरे पक्ष को भी कोतवाली बुलाया। जांच में पता चला कि दूसरा ट्रक चालक रविवार को रामपुर से ट्रक में रिम लोड करने के बाद संभल दीपा सराय आया था। सोमवार को लखनऊ जाने के लिए ट्रक मालिक से मजदूरी की रकम मांगी पर नहीं दी गई। इसके बाद उसने अपने साथियों के भवानीपुर पुल के पास ट्रक रोककर मारपीट कर दी। कोतवाली प्रभारी अनिल समानिया ने बताया कि लूट की कोई वारदात नहीं हुई है। ट्रक मालिक और दूसरा ट्रक चालक चचेरे-तहेरे भाई हैं। दूसरे ट्रक चालक को रुपये नहीं मिले तो उसने मारपीट कर दी। ट्रक मालिक की तहरीर पर शारब, जाकिर और चमन निवासी दीपा सराय के खिलाफ ट्रक में तोड़फोड़ और मारपीट करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।