संभल। नाबालिग बेटे के गलत संगत में पड़ने से परेशान पिता बेटे की मारपीट करते हुए उसे साथ लेकर थाने पहुंचा और उसके सुधार के लिए पुलिस से गुहार लगाई है। बेटे के कारनामों से तंग आकर बेटे को जेल भेज देने का आग्रह किया। पुलिस को बेटे की सारी दास्तान बयान करते हुए उसकी बुरी आदतों से छुटकारा दिलाने के लिए अपील की। लेकिन पुलिस ने किशोर के भविष्य को देखते हुए कार्रवाई करने से इनकार कर दिया और किशोर को गलत कार्यों न करने की हिदायत दी है। सुधार नहीं करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
मंगलवार की दोपहर को कोतवाली में उस समय हंगामा खड़ा हो गया। जब एक व्यक्ति किशोर की पिटाई करते हुए कोतवाली परिसर पहुंचा। पुलिस कर्मियों को लगा किसी चोर को पकड़ा है। वह दौड़ते हुए आए और मामले की जानकारी की। मालूम हुआ जिस किशोर के साथ व्यक्ति मारपीट कर रहा है वह उसका पिता है। किशोर गलत कार्य करता है, जिससे परिजन परेशान हो चुके है। इसलिए वह कोतवाली लेकर आया है। मामले की जानकारी प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह को दी गई। पीड़ित पिता ने बताया कि उनका बेटा काफी समय से गलत संगत में पड़ गया है। जगह-जगह गलत कार्यों में शामिल होता है। कई बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन मानने को तैयार नहीं है। घर में आता है तो परिवार के लोगों से बदसलूकी करता है। इसलिए इसको जेल भेज दिया जाए। किशोर को पुलिस ने आदत में सुधार लाने के लिए हिदायत दी है। साथ ही कहा है कि यदि सुधार नहीं किया तो कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद दोनों को घर भेज दिया गया। किशोर से परेशान पिता की दास्तान नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है।