बबराला। क्षेत्र के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक पर सवार तीन लोगों को तेज रफ्तार के ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक किशोर समेत दो लोग घायल हो गए। जिन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया। जिसमें किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
धनारी थाना क्षेत्र के गांव हरफरी के राजेश कुमार (25वर्ष) पुत्र प्रेम सिंह अपने ही गांव के अनिल कुमार(15वर्ष) पुत्र महेंद्र सिंह और विजयपाल पुत्र छत्रपाल सिंह को साथ लेकर बाइक से रविवार की देर रात बबराला क्षेत्र के एक गांव में दावत खाने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव के कैल के निकट पहुंची ही थी कि बबराला की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक चला रहे राजेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राहगीरों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल किशोर अनिल कुमार और विजयपाल को एंबुलेंस के जरिए गुन्नौर की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से दोनों की हालत को गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। जिसमें किशोर अनिल कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। राजेश कुमार वहीं की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सूचना के बाद परिजन भी गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ केंद्र पहुंच गए। इसके अलावा बाइक को टक्कर मारने वाला चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। जिसकी पुलिस को तलाश जारी है।