चंदौसी। रविवार की देर रात रुपये के लेनदेन को लेकर एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। उसे राजकीय चिकित्सालय से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं पुलिस मामले को फर्जी बता रही है।
चंदौसी के मोहल्ला सीकरी गेट निवासी अब्दुल साजिद पर आरोप है कि उसने डेढ़ साल पहले साजिद अली निवासी बिसौली को दुबई भिजवाने के लिए किसी बिचौलिये को बीस हजार रुपये दिलाए थे, लेकिन उसे दुबई नहीं भिजवाया तो साजिद अली ने अब्दुल साजिद से अपने रुपये मांगने शुरू कर दिए। बताते हैं कि रविवार को अब्दुल साजिद ने रुपये लौटाने का वादा किया था।
अब्दुल साजिद का आरोप हैकि वह आज संभल गया था, वहां से देर शाम लौटा तो साजिद अली, उसकी पत्नी समेत तीन लोग घर के अंदर बैठे हुए थे। लेकिन उसके घर के अंदर पहुंचने के बाद तीन अन्य भी पहुंच गए, उनके लिए जैसे की दरवाजा खोला तो उन्होंने उसे गोली मार दी, जो उसके हाथ में लगी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे कोतवाली लाए।
यहां से सीएचसी चंदौसी लाया गया। यहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। इधर कोतवाली प्रभारी ऋषिराम कठेरिया ने बताया कि गोली मारने की घटना फर्जी है, मौके पर जाकर जांच की गई तो गोली चलने, घायल होेने जैसी घटना होने की पुष्टि नहीं हुई। अब्दुल साजिद संभवत उसके रुपये वापस लौटाना नहीं चाहता है, इसलिए उसने खुद ही कहानी बनाई है। फिलहाल यदि वह तहरीर देगा तो रिपोर्ट लिखकर जांच की जाएगी।