चंदौसी। शहर कोतवाली के एक मोहल्ला में इंटर की छात्रा ने गले में फंदा डालकर खुदकशी कर ली। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। परिजन मृतका के पिता के आने का इंतजार कर रहे हैं।
शहर निवासी सीआरपीएफ में जवान की 17 वर्षीय पुत्री शहर के एक सीबीएससी पैटर्न के एक कालेज में इंटरमीडिएट की छात्रा है। शनिवार को छात्रा स्कूल नहीं गई। जबकि उसके दो छोटे भाई स्कूल चले गए। दोपहर दो बजे छात्रा की मां धूप में बाहर जाकर बैठ गई। सोचा पुत्री अंदर सो रही होगी या पढ़ रही होगी। इसलिए ध्यान नहीं दिया। दोपहर करीब ढाई बजे जब भाई स्कूल से घर पहुंचे और बहन के बारे में पूछा तो मां भी बाहर से उठकर अंदर आ गई। लेकिन दरवाजा बंद था।
खुलवाने से दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। भाई किसी तरह छत पर पहुंचे और लोहे का जाल काटकर किसी तरह नीचे पहुंचे। नीचे पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोला तो उनके होश उड़ गए। छात्रा फंदा डालकर लटकी हुई थी।
उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा गया। थोड़ी ही देर में उसके घर के बाहर लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना असम में तैनात पिता को दे दी गई है। परिजन उसके आने का इंतजार कर रहे थे। क्योंकि छात्रा का अंतिम संस्कार पिता के आने पर ही किया जाएगा। परिजन यह बताने में असमर्थ हैं कि छात्रा ने ऐसा आत्मघाती कदम क्यों उठाया।