बबराला। चार दिन पूर्व कार की टक्कर से घायल हुए बाइक सवार चौकीदार की उपचार के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मचा है।
कोतवाली गुन्नौर क्षेत्र के गांव हीरापुर इटउवा के भगवान सिंह (42 वर्ष) पुत्र घनश्याम सिंह गुन्नौर के रसूलपुर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में चौकीदार के पद पर तैनात थे। बीते गुरुवार को वह अपने खेत में खड़ी फसल के लिए यूरिया खाद लेने बबराला आए थे।
जहां से बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे कि बबराला की ओर से जा रही एक कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें एंबुलेंस की सहायता से गुन्नौर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था।
जहां से उन्हें अलीगढ़ रेफर किया गया था। लेकिन हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने दिल्ली रेफर कर दिया था। जहां रविवार को उनकी मौत हो गई। जिनकी मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ पहले ही मुकदमा दर्ज कर लिया था।