गुन्नौर(संभल)। नगर पंचायत गवां में निर्माणाधीन कान्हा गोशाला के निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सभासदों ने एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा है। सभासदों का कहना है कि करीब 1.41 करोड़ की लागत से बन रही गोशाला के निर्माण में मानकों की अनदेखी की जा रही है।
शिकायत में बताया गया कि निर्माण कार्य में घटिया कच्ची पीली ईंटों का प्रयोग किया जा रहा है। आरोप है कि जब सभासदों ने इसकी वीडियो व फोटो बनाकर ईओ एवं जेई को भेजी, तो औपचारिकता निभाते हुए कुछ ईंटों को बाहर निकाल दिया गया, जबकि बाकी ईंटों को मिट्टी से ढक दिया गया। सभासदों का आरोप है कि कई बार मांग किए जाने के बावजूद ड्राइंग, एस्टीमेट और निर्माण मानकों की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई।
नगर पालिका अधिनियम 1916 के तहत जनप्रतिनिधियों को यह जानकारी प्राप्त करने का अधिकार है। सभासदों ने कहा कि इस तरह की अनियमितताएं प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की जीरो टॉलरेंस नीति पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने एसडीएम से पूरे मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गवां के अधिशासी अधिकारी स्वेतांक सारस्वत ने बताया कि वे अभी लखनऊ में हैं और इस मामले में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। इस मौके पर अजय कुमार अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, शैलेंद्र, मनीष जोशी, कुलदीप, अमित कुमार, सौरभ कश्यप, मुनीष पाल आदि मौजूद रहे।