संभल के संपूर्ण समाधान दिवस में भ्रष्टाचार और जन समस्याओं को लेकर नारेबाजी करते सभासद।
- फोटो : SAMBHAL
संभल। कहीं जल भराव है तो कहीं भ्रष्टाचार की शिकायत है पर समाधान नहीं हो रहा है। ऐसे कुछ मामलों की शिकायतों को लेकर सभासदों ने मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी से मुलाकात की। साथ ही अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी संजीव रंजन और पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र ने तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जन शिकायतें सुनने के लिए पहुंचे।
जिलाधिकारी से सभासद संजीव कुमार, वसीम, मोहम्मद सरताज, मोहम्मद रेहान मिले। इन सभासदों ने अपने अपने मोहल्ले की समस्याओँ को प्रमुखता से उठाया। सभासद जैनब बेगम और अरसी आरेफीन की ओर से भी प्रार्थना पत्र दिए गए। सभासद वसीम जहां ने एक लिपिक पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि जांच होने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। सभासद संजीव कुमार ने उप जिलाधिकारी से मिलकर हयातनगर में जलभराव का मुद्दा उठाया। उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को जल भराव की समस्या से राहत दिलाने के आदेश दिए। पुलिस क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह तथा जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।