संभल। महामारी से मुक्ति की दिशा में शनिवार को सबके कदम आगे बढ़े। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जब कोरोना से बचाव की वैक्सीन लगाने के अभियान का शुभारंभ किया तो संभल जिले के बहजोई, असमोली और संभल स्थित सरकारी अस्पतालों में उत्साह के साथ टीकाकरण शुरू हुआ। कर्मचारियों के चेहरे पर मुस्कान थी और कोरोना से जंग जीतने का इरादा भी था।
टीकाकरण के लिए चिकित्साकर्मी तो सुबह आठ बजे से मुस्तैद हो थे। नौ बजे तक टीका लगवाने वाले कर्मचारी भी पहुंच गए थे पर प्रधानमंत्री द्वारा शुभारंभ किए जाने के बाद 11.15 बजे पहला टीका लगा। इसके बाद शाम पांच बजे तक टीकाकरण चलता रहा। पूरे जनपद में 300 स्वास्थ्यकर्मियों के सापेक्ष 252 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण किया गया। सबसे अधिक 96 टीके बहजोई में लगे। संभल में 72 और असमोली 84 स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया गया।
टीके की दूसरी डोज 15 फरवरी को दी जाएगी। सीएमओ डा. अजय कुमार सक्सेना सुबह से ही बहजोई से पूरे जिले की पल-पल की खबर लेते रहे। शाम को बची हुई वैक्सीन बहजोई पहुंची और उसे पुलिस सुरक्षा में रखा गया है। चिकित्सा विभाग की ओर से तीनों केंद्रों पर नोडल अधिकारी दिन भर रहे। बहजोई में डा. रामजीलाल, असमोली में डा. अजय वर्मा, संभल में डा. अजफर कमाल ने नोडल अधिकारी के रूप में निगरानी रखी। तीन टीमों में शामिल 24 कर्मचारियों व चिकित्सकों ने टीकाकरण संपन्न कराया।