संभल। जिला अस्पताल व बहजोई सीएचसी में कोरोना से बचाव का टीका लगाया गया। इसमें 45 से 59 वर्ष के व्यक्ति व 60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग शामिल हुए। टीकाकरण के दौरान बुजुर्गों में उत्साह नजर आया। किसी भी बुजुर्ग को कोरोना से बचाव का टीका लगने के बाद कोई समस्या नहीं हुई। ऐसा पहली बार हुआ जब लक्ष्य से ज्यादा बुजुर्ग टीका लगवाने के लिए पहुंचे। लक्ष्य पूरा होने के बाद कई बुजुर्गों को वापस लौटना पड़ा।
स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों का कहना है कि टीकाकरण का सोमवार को ट्रायल था। इसी के चलते लक्ष्य कम रखा गया था। संभल जिला अस्पताल में 108 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें ज्यादा संख्या बुजुर्गों की रही। 45 से 59 वर्ष के 44 लोगों को टीका लगाया गया। 60 वर्ष से ज्यादा आयु के 60 बुजुर्गों को टीका लगाया गया। बहजोई सीएचसी में 103 बुजुर्गों ने टीका लगवाया जबकि 45 से 59 वर्ष के दो ही लोग टीका लगवाने के लिए पहुंचे। चंदौसी के पार्थ अस्पताल को 100 लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य दिया गया था। इसमें 20 ही बुजुर्ग टीका लगवाने के लिए पहुंचे।