गुन्नौर। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को जिले में मिशन शक्ति फेज-6 का शुभारंभ हुआ। इस दौरान बबराला और गुन्नौर में पुलिस ने जागरूकता रैलियां निकालीं। इन रैलियों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
बबराला में थानाध्यक्ष लवनीश चौधरी के नेतृत्व में रैली थाने से शुरू होकर इंदिरा चौक, मुख्य बाजार और रेलवे स्टेशन होते हुए वापस थाने पर संपन्न हुई। पुलिसकर्मियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और चौराहों पर लोगों से संपर्क किया। उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और सशक्तीकरण के बारे में जानकारी दी गई।
अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना है। साथ ही, उन्हें सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन और अपने अधिकारों की जानकारी देना भी है। पुलिस ने महिलाओं से किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया।
गुन्नौर में भी निकली रैली
गुन्नौर कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने थाने से जागरूकता रैली निकाली। यह रैली मुख्य बाजार से होते हुए नेहरू चौक तक पहुंची। महिला पुलिसकर्मियों ने मिशन शक्ति अभियान की जानकारी दी और पंफलेट भी वितरित किए। बबराला की रैली में मिशन शक्ति प्रभारी देवेंद्र कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। गुन्नौर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक संदीप मलिक, दरोगा योगेश चौधरी और अन्य पुलिसकर्मी व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।