बहजोई (संभल)। गाजीपुर के एक युवक ने खुद को जिले की एक संविदा मेडिकल ऑफिसर का प्रेमी बताकर जहर खा लिया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत में सुधार है।
सोमवार की दोपहर 112 पर आइ कॉल से पुलिस को युवक के जहर खाने की जानकारी मिली। फोन करने वाले ने खुद को युवक का भाई बताया। इसके बाद पुलिस ने तलाश की तो युवक रेलवे स्टेशन के पास मिला। सीएचसी में भर्ती कराके पुलिस ने बयान लिए। पुलिस के मुताबिक युवक ने दावा किया है कि महिला मेडिकल ऑफिसर से उसकी शादी तय हो गई थी। कुछ समय से महिला ने फोन पर बात बंद कर दी, उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया।
गाजीपुर से जिले में आकर आज बात करनही चाही तो भी महिला ने बात नहीं की। इस पर जहर खा लिया। उधर, महिला मेडिकल ऑफिसर का कहना है कि मना करने के बाद भी युवक फोन पर परेशान करता था। अब उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विरास ने बताया कि उपचाराधीन युवक की हालत में सुधार हैं। सीएमओ डॉ. तरन्नुम रजा ने भी सीएचसी पहुंचकर मामले की जानकारी ली।