चंदौसी (संभल)। जिले में तीन नए विद्युत उपकेंद्रों की स्वीकृति मिली थी, लेकिन पांच महीने बाद भी काम शुरू नहीं हुआ है। विभाग का दावा है कि सभी कार्यवाही पूरी हो चुकी हैं। 15 जुलाई के बाद निर्माण कार्य शुरू होगा। तीनों उपकेंद्रों के संचालित होने पर 120 से अधिक गांवों की विद्युत समस्या दूर होगी।
शासन से जनवरी में बहजोई के कमालपुर और बहापुर व एंचोड़ा कंबोह के ततारपुर में नए विद्युत उपकेंद्र बनाने की स्वीकृति मिली थी। दरअसल बहजोई और एंचोड़ा कंबोह उपकेंद्र काफी समय से अतिरिक्त भार से जूझ रहे हैं। विभाग के अनुसार बहजोई उपकेंद्र से क्षमता के सापेक्ष दोगुनी आपूर्ति की जा रही है। बहजोई उपकेंद्र की क्षमता करीब 1050 एम्पियर आउटपुट देने की है, जबकि गर्मियों में यह मांग बढ़कर 2400 एम्पियर तक पहुंच जाती है। जिस वजह से विद्युत उपकेंद्र के संयंत्रों को नुकसान पहुंचता है। सबसे अधिक लोड नार्थ और साउथ फीडर पर है। जिस वजह से उपभोक्ताओं को शेड्यूल के हिसाब से आपूर्ति नहीं मिलती। किसानों की सिंचाई भी प्रभावित होती है। विभाग कटौती कर अलग -अलग समय में सप्लाई उपलब्ध कराता है। यही स्थिति एंचोड़ा कंबोह उपकेंद्र की है। विभाग ने दोनों ही उप केंद्रों का लोड घटाने के लिए तीन अतिरिक्त उपकेंद्र बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। जनवरी में नए उपकेंद्र बनाने की स्वीकृति मिल गई। लेकिन अभी तक काम शुरू नहीं हो पाया है।
15 करोड़ की लागत से बनेंगे उपकेंद्र
जिले में प्रस्तावित तीनों उपकेंद्र करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे। प्रत्येक उपकेंद्र में पांच पांच एमवीए के दो ट्रांसफार्मर लगेंगे। जिसमें कमालपुर में करीब 0.200 हेक्टेयर व बहापुर में 0.240 हेक्टेयर जमीन में उपकेंद्र का निर्माण होगा। वहीं एंचोड़ा के ततारपुर में उप केंद्र का निर्माण होना है। तीनों उपकेंद्रों से करीब 120 से अधिक गांवों के उपभोक्ताओं की विद्युत समस्या दूर होगी।
वर्जन
तीन नए विद्युत उपकेंद्र बनने प्रस्तावित हैं। सर्वे और टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। 15 जुलाई के बाद कार्यदायी संस्था काम शुरू करेगी। - विनोद कुमार, एसई संभल