गवां (संभल)। रजपुरा ब्लॉक के गांव सिसौना डांडा में भाकियू टिकैत गुट की मासिक पंचायत हुई। इसमें किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई। चकबंदी विभाग पर किसानों का शोषण करने का आरोप लगाया। शोषण बंद किए जाने की मांग की है। जिलाध्यक्ष मदनपाल ने कहा कस्बा गवां और रजपुरा में धान की खरीदारी कर रहे निजी आढ़ती किसानों का शोषण कर रहे है। धान प्रति क्विंटल दो किलोग्राम काटा जा रहा है। धान को कम मूल्य पर खरीदा जा रहा है इसके अलावा कहा कि किसान आवारा पशु, बिजली कटौती से भी परेशान हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी बिजेंद्र यादव ने कहा कि किसानों का शोषण किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके लिए आंदोलन करना पड़ेगा तो करेंगे। पंचायत में सीसोना डांडा के किसानो की चकबंदी की समस्याओं को जिलाधिकारी के सामने उठाने का निर्णय लिया गया है। इस दौरान देशराज सिंह, मुकेश यादव, केपी यादव, नीरज यादव, चंद्रप्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।