चंदौसी। कोरोना महामारी को लेकर त्रिस्तरीय पंचायत में नवगठित ग्राम पंचायतों में पहली बार हो रही वर्चुअल शपथ ग्रहण समारोह औपचारिक बनकर रह गई। कहीं कनेक्टिविटी नहीं मिली, तो कही लिंक से जुड़ने में ही अधिक समय लग गया।
जिले में 150 से अधिक ग्राम पंचायतों में अव्यवस्था रही। वर्चुअल मीटिंग कराने में सहयोग के लिए गांव में तैनात किए गए कर्मचारियों ने ही नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई।
संभल जनपद के आठ ब्लाकों में 670 ग्राम पंचायत हैं। इनमें से 514 ग्राम पंचायतों में मंगलवार को वर्चुअल शपथ ग्रहण कराने का कार्यक्रम था। वर्चुअल शपथ ग्रहण कराने की जिम्मेदारी के लिए गांव में पंचायत सचिव, रोजगार सेवक और शिक्षित सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। जूम मीटिंग के लिए कुछ ही पंचायत सचिव व रोजगार सेवकों के पास से लैपटॉप थे। अन्य कर्मचारियों से मोबाइल से जुड़ने के निर्देश दिए गए थे। सुबह 11 बजे से वर्चुअल शपथ ग्रहण समारोह होना था।
जहां कर्मचारियों के पास लैपटॉप था और शहरी आबादी के आसपास की ग्राम पंचायतों में शपथ ग्रहण के लिए समय से ही जूम एप पर जुड़ गए थे। दूर दराज की ग्राम पंचायतों में व्यवस्था रही। कहीं कनेक्टिविटी देर से मिली, तो कहीं लिंक से जुड़ने में समय लग गया। कुछ जगह पर वहां तैनात कर्मचारी ही देरी से पहुंचे। 150 से अधिक ग्राम पंचायत ऐसी रही, जो लिंक से जुड़ ही नहीं पाई। ऐसे में वहां तैनात कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्यों को शपथ ग्रहण कराई। साथ ही उनसे शपथ का प्रारूप भरवाकर जमा कराया।
कुछ ग्राम पंचायतों में कनेक्टिविटी के कारण जूम एप से नहीं जुड़ पाए थे। वहां तैनात कर्मचारियों ने उन्हें शपथ ग्रहण कराई और निर्धारित प्रारूप भरवाकर उस पर हस्ताक्षर कराकर जमा करा लिया है। शपथ प्रारूप ही प्रमुख होता है। जिले में करीब 150 ग्राम पंचायत सदस्य किन्हीं कारणों से शपथ नहीं ले पाए हैं, उन्हें बुधवार को शपथ दिलाई जाएगी।
जाहिद हुसैन, जिला पंचायत राज अधिकारी संभल।