संभल। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार वृद्धि और बढ़ती महंगाई के विरोध में मंगलवार को कांग्रेसी सड़क पर उतर आए। जिला युवा कांग्रेस कमेटी के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी को दिया गया। महंगाई पर नियंत्रण करने और पेट्रोल डीजल के दामों में कटौती करने की मांग की गई है।
जिला युवा कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में मंगलवार को तमाम कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। जुलूस की शक्ल में शहर के मुख्य मार्ग से गुजरे और उप जिलाधिकारी दीपेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा है कि भाजपा सरकार ने लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि कर यह साफ कर दिया है कि संकट के समय में भी भाजपा की जनता की जेब काटने में रुचि है। लेकिन इस लूट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष काजी मुबीन ने कहा कि आम जनता के साथ होने वाले शोषण के खिलाफ कांग्रेसियों का संघर्ष हमेशा जारी रहेगा। युवा नेता सलमान तुर्की ने कहा कि भाजपा की सरकार में महंगाई लगातार बढ़ रही है। इसका असर कमजोर वर्ग के लोगों पर अधिक पड़ रहा है। इस मौके पर तौकीर अहमद, हाजी मरगूब, अलू कुमार, फैसल, शिवा यादव, अरबाज मिर्जा, फैजान सैफी, संतोष गोस्वामी, राजा खान, अंसार खान, कासिम खान, फैसल, शुऐब, पुष्पेंद्र यादव आदि रहे।
फोटो