सरायतरीन (संभल)। पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव दहेली में बृहस्पतिवार की शाम चार बजे राष्ट्रीय पक्षी मोर पर ग्रामीण के द्वारा हमले किए जाने की सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची। पूछताछ के बाद टीम लौट गई। जिस मोर पर हमला करने की बात कही गई, वह नहीं मिला।
संभल कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर टांडा पुलिस चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि जंगल में मोर को दाना खिलाते समय किसी युवक के द्वारा पकड़कर उसके पंख उखाड़ने की कोशिश की गई है। ग्रामीणों को आते देख युवक मोर को छोड़कर मौके से फरार हो गया। ग्राम प्रधान के पति राजपाल ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर करीब चार बजे किसी युवक ने मोर को पकड़ कर उसके पंख उखाड़ने की कोशिश की थी। ग्रामीणों को आता देख युवक मोर को छोड़कर भाग गया। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने बताया कि कुत्तों ने मोर पर हमला किया था।
सूचना पर उप क्षेत्र वन अधिकारी मनीष कुमार सिंह और पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के वन दरोगा मोहित कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मोर को पकड़ने की कोशिश की गई। लेकिन मोर हाथ नहीं आया। डीएफओ वंदना फोगाट ने बताया पवांसा ब्लॉक क्षेत्र के गांव दहेली में मोर के घायल और पकड़ने की जानकारी मुझे नहीं है।