संभल। संभल के कुछ कोल्ड स्टोरेेज मालिकों ने किसानों के आलू को अपनी मर्जी से बेच दिया। एक मामला सोमवार को उप जिलाधिकारी के संज्ञान में आया है। लिखित शिकायत सामने आने पर उप जिलाधिकारी ने कोल्ड स्टोरेज के मालिक को तलब किया। कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष को प्रकरण निस्तारित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई। किसान को उसका हक दिलाने के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है।
उप जिलाधिकारी का कहना है कि अगर किसान को उसका हक नहीं मिला तो कोल्ड स्टोरेज मालिक पर कार्रवाई की जाएगी। उप जिलाधिकारी के इस रुख से उन तमाम किसानों को रास्ता मिल गया है, जिनका आलू कोल्ड स्टोरेज मालिकों ने किसान की सहमति लिए बिना ही बेच दिया है। उप जिलाधिकारी का कहना है कि अगर शिकायत आती है तो वह दूसरे प्रकरणों का भी संज्ञान लेंगे और कार्रवाई कराएंगे।
उन्होंने बताया कि अभी तक सिर्फ एक ही शिकायत आई है। यह शिकायत चौधरी सराय निवासी बाबू ने की। किसान बाबू अपने परिवार के साथ सोमवार को उप जिलाधिकारी कार्यालय में पहुंचे। उन्होंने कहा कि 24 लाख रुपये कीमत का आलू उन्होंने संभल-बहजोई मार्ग पर स्थित एक कोल्ड स्टोरेज में रखा था। कोल्ड स्टोरेज मालिक ने उनसे पूछे बिना ही उसे बेच दिया।
कोल्ड स्टोरेज मालिक ने एक बिचौलिए का नाम लेकर कहा कि उसके कहने से आलू बेचा गया। जब एसडीएम ने इस प्रकरण का संज्ञान लिया तो कोल्ड स्टोरेज मालिकों तक खबर पहुंच गई। कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकेहर आर्य उप जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उप जिलाधिकारी ने उन्हें प्रकरण को निस्तारित करने और किसान्र को आलू की कीमत दिलाने का आदेश दिया है। इस मामले में कोल्ड स्टोरेज एसोसिएशन के अध्यक्ष ने संबंधित कोल्ड स्टोरेज मालिक से बातचीत की है।